
मौनी अमावस्या व शनि जयंती पर निकली भव्य कलश यात्रा, नगर हुआ शनिमय
चांपा। मौनी अमावस्या एवं शनि जयंती के अवसर पर चांपा नगर में भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी राजा पारा स्थित प्राचीन एवं प्रतिष्ठित शनि मंदिर से श्रद्धा और उत्साह के साथ कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, युवा एवं बुजुर्ग शामिल हुए।

कलश यात्रा शनि मंदिर से प्रारंभ होकर रानी रोड, पोस्ट ऑफिस मार्ग होते हुए मुख्य सदर बाजार तक पहुंची तथा नगर भ्रमण के पश्चात पुनः शनि मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु “जय शनिदेव” के जयकारों के साथ भक्ति में लीन दिखाई दिए।
शोभायात्रा में महाबली हनुमान एवं शनिदेव महाराज की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। भक्ति संगीत और धार्मिक धुनों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। बच्चों एवं महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
शनि मंदिर के मुख्य पुजारी लक्ष्मी नारायण के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष मई माह में शनि जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अलग-अलग पंचांगों के आधार पर वर्ष में दो बार शनि जयंती उत्सव मनाया जाता है।
नगर के प्राचीन शनि मंदिर द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन ने पूरे चांपा नगर को शनिमय बना दिया।
संवाददाता – हरिराम देवांगन
जय जोहार सीजी न्यूज़, चांपा














