Blog

  • jay johar 1
Spread the love

सरपंच पर पद के दुरुपयोग और गुंडागर्दी का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

खरोरा/रायपुर। रायपुर जिले के ग्राम पंचायत बुंडेरा में सरपंच पर पद के दुरुपयोग और दबंगई का गंभीर आरोप सामने आया है। ग्राम बुंडेरा निवासी तोरण कुमार साहू ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) तिल्दा-नेवरा को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता तोरण कुमार साहू ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत बुंडेरा के सरपंच भारत साहू द्वारा उनके घर एवं ब्रिक्स कंपनी की जमीन को अवैध कब्जा बताकर 10 लाख रुपये की मांग की गई। शिकायत के अनुसार, मांग पूरी नहीं होने पर 14 जून 2026 को सरपंच, उनके भाई, पत्नी एवं अन्य साथियों ने मिलकर उनके घर के चारों ओर बनी सुरक्षा बाउंड्री को तोड़ दिया, जिससे उन्हें और उनके परिवार को मानसिक एवं आर्थिक नुकसान हुआ।

तोरण कुमार साहू का आरोप है कि सरपंच ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए श्रम दिवस तथा “एक पेड़ मां के नाम” एवं प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के कार्यक्रम के नाम पर रोजगार गारंटी योजना के लगभग 200 लोगों को मौके पर बुलाया। इस दौरान उनके परिवार के साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें प्रताड़ित किया गया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके खिलाफ न तो ग्राम पंचायत की ओर से और न ही तहसील कार्यालय से किसी प्रकार का नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद कार्रवाई कर उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान किया गया।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित सरपंच स्वयं कई स्थानों पर कथित रूप से बेजा कब्जा किए हुए हैं, जिसकी भी जांच की जानी चाहिए। साथ ही ग्रामीणों और गरीब परिवारों के शोषण का आरोप भी लगाया गया है।

पीड़ित ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर सरपंच के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की आधिकारिक जांच और संबंधित पक्ष का बयान आना शेष है। प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

About The Author


Spread the love
  • whatsapp-webP
  • telegram-webp
error: Content is protected !!